Saturday, June 20, 2009

रोज बोलेंगे- गर्व है, मैं भारतीय हूं

प्रस्तुति - दैनिक भास्कर
जयपुर. राजस्थान में राज्य मानवाधिकार आयोग की अनूठी पहल के तहत प्रदेश के करीब 8 लाख अधिकारियों-कर्मचारियों को अब दफ्तरों में अपना कामकाज शुरू करने से पहले राष्ट्रीय कर्तव्य दोहराने को कहा गया है। कुछ सरकारी दफ्तरों और कर्मचारी संगठनों ने इस पर अमल भी शुरू कर दिया है।
अभियान के तहत हर कर्मचारी-अधिकारी को ‘मुझे गर्व है, मैं भारतीय हूं और कर्तव्यनिष्ठा से अपना हर काम करूंगा..’ जैसे संकल्प के साथ राष्ट्रीय भावना की अलख जगाई जाएगी।
ये है आयोग का दैनिक संकल्प
संविधान, राष्ट्रध्वज व राष्ट्रगान का आदर करूंगा।
राष्ट्रीय आंदोलन को प्रेरित करने वाले उच्च आदर्शो का पालन करूंगा।
देश की एकता-अखंडता और प्रभुता की एवं वन, झील, नदी और वन्य जीव की रक्षा करूंगा।
राष्ट्र की सेवा करूंगा।
स्त्रियों के सम्मान के विरुद्ध प्रथाओं का एवं धर्म, भाषा, प्रदेश या वर्ग के आधार पर भेदभाव का त्याग करूंगा।
प्राणी मात्र के प्रति दयाभाव रखूंगा।
हिंसा से दूर रहूंगा।
सार्वजनिक संपत्ति की संरक्षा करूंगा।
वैज्ञानिक दृष्टिकोण का, मानववाद का, सुधार की भावना का विकास करूंगा।
भारत के सभी लोगों में समरसता और समान भ्रातृत्व की भावना का निर्माण करूंगा।
व्यक्तिगत व सामूहिक गतिविधियों के क्षेत्रों में उत्कर्ष की ओर बढ़ने का प्रयास करूंगा।